सोवियत संघ क्या है?

This entry is part 1 of 6 in the series सोवियत संघ का विघटन

0:00

soviet union map
सोवियत संघ का परिचय

सोवियत संघ का परिचय

सोवियत संघ (USSR) का औपचारिक नाम “सोवियत समाजवादी गणतंत्रो का संघ” या “Union of Soviet Socialist Republic” था।

‘सोवियत’ रूसी भाषा का एक शब्द है, जिसका अभिप्राय परिषद, सभा, सलाह और सद्भाव होता है। सोवियत संघ उत्तरी यूरेशिया के विशाल भू-भाग पर विस्तृत, एक अंतरमहाद्वीपीय देश था। यह 22,402,200 वर्ग किलोमीटर  (8,649,500 वर्ग मील) भू-भाग और 11 समय क्षेत्रों [एक भौगोलिक क्षेत्र जिसके भीतर समान मानक समय (Time Zone) का उपयोग किया जाता है।],में विस्तृत विश्व का सबसे बड़ा देश था, जो 1922 से 1991 तक अस्तित्व में रहा।

अपनी स्थापना से 1990 तक साम्यवादी दल द्वारा शासित ‘सोवियत संघ’, 15 स्वशासित गणतंत्रों का संघ था लेकिन व्यवहारिक रूप से संपूर्ण संघीय प्रशासन और अर्थव्यवस्था पर केंद्रीय सत्ता का कठोर नियंत्रण था। “रूसी सोवियत संघीय समाजवादी गणतंत्र” या “Union of Soviet Socialist Republics (Russian SFSR)” इस संघ का सबसे बड़ा गणतंत्र और राजनीतिक,आर्थिक, सांस्कृतिक केंद्र था, इसकी राजधानी मॉस्को में थी। सोवियत संघ के अन्य प्रमुख शहरी केंद्र – लेनिनग्राड, कीव, मिंस्क, ताशकंद, अल्मा-अता इत्यादि थे।

vladimir-lenin
व्लादिमीर लेनिन

सोवियत संघ की स्थापना

इस संघ की स्थापना की प्रक्रिया 1917 की ‘अक्टूबर क्रांति’ से आरंभ हुई जब ‘ब्लादिमीर लेनिन’ के नेतृत्व में बोल्शेविकों ने ‘अलेक्सांद्र केरेंस्की’ की सरकार ‘रशियन प्रोविजनल गवर्नमेंट (जो जार निकोलस II को फरवरी क्रांति के द्वारा अपदस्थ कर सत्ता में आई थी)’ का तख्तापलट कर सत्ता पर अधिकार कर लिया। लेनिन को बोल्शेविक विरोधी ‘श्वेत मोर्चा’ के विरुद्ध, ‘गृहयुद्ध’ का सामना करना पड़ा। 1922 में गृहयुद्ध की समाप्ति, लेनिन की ‘बोल्शेविक पार्टी’ की विजय से हुई। बोल्शेविकों की ‘लाल सेना’ ने गृहयुद्ध के दौरान ऐसे कई क्षेत्रों पर अधिकार कर लिया, जिन्होंने ‘जार’ के पतन का लाभ उठाते हुए ‘रूस’ से अपनी  स्वतंत्रता घोषित कर दी थी। दिसंबर 1922 में ‘बोल्शेविकों’ की पूर्ण विजय हुई तथा 28 दिसंबर 1922 को एक संधि द्वारा रूस (Russian SFSR), ट्रांसकॉकेशियन [ (Transcaucasian SFSR) रूस और इन क्षेत्रों के मध्य कॉकेशस पर्वत होने से इन्हें ट्रांसकॉकेशियन कहा जाता है, ये गणराज्य हैं – आर्मिनिया, अजरबैजान, जॉर्जिया ] यूक्रेनियन (Ukrainian SSR) और बेलारुसियन (Byelorussian SSR) क्षेत्रों को मिलाकर सोवियत संघ की स्थापना हुई।

सोवियत संघ के 15 गणराज्य

  1. रूस
  2. आर्मीनिया
  3. उज़्बेकिस्तान
  4. जॉर्जिया
  5. एस्टोनिया
  6. तुर्कमेनिस्तान
  7. यूक्रेन
  8. लातविया
  9. किर्गिज्सतान
  10. मोल्दोवा
  11. लिथुआनिया
  12. ताजिकिस्तान
  13. बेलारूस
  14. अजरबैजान
  15. कजाकिस्तान
joseph-stalin
जोसफ स्टालिन

जोसफ स्टालिन

लेनिन द्वारा स्थापित विश्व के पहले साम्यवादी राष्ट्र सोवियत संघ को उसके उत्तराधिकारी ‘जोसेफ स्टालिन’ ने पश्चिम में पूर्वी जर्मनी से पूर्व में मंगोलिया तक विस्तृत साम्यवादी साम्राज्य में परिणत कर दिया। ‘जोसफ स्टालिन: की 1953 में मृत्यु हो गई और महज 38 वर्षों के बाद, 1991 में सोवियत संघ का विघटन जिस तीव्र गति से और अकस्मात हुआ वह एक ऐतिहासिक विडंबना है।

सोवियत संघ के इतिहास में यह कालखंड महान उपलब्धियों से परिपूर्ण है, जो अंतरिक्ष-विजय के साथ अपने चरमोत्कर्ष पर पहुंच गई थी लेकिन इस बाह्य स्वर्णआवरण का अंधकार पूर्ण पक्ष भी था। सोवियत संघ एक सर्वाधिकार वादी राज्य था जहां माननीय स्वतंत्रता के सभी पहलूओ, यथा – अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, व्यक्तिगत उद्यम आदि का क्रूरता पूर्वक दमन किया जाता था। राष्ट्र की आर्थिक स्थिति पर इसका सांघातिक प्रभाव पड़ा, फलत: सोवियत संघ, शीत युद्ध की अवधि के दौरान संयुक्त राज्य अमेरिका के नेतृत्व वाले पश्चिमी देशों से प्रतिस्पर्धा में विफल रहा।

Series Navigationसोवियत संघ का विघटन >>

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top